विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने निरीक्षण तेज कर दिया है। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने मंडी परिषद में मतगणना और पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही विभिन्न मतदान बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और बीएलओ को अधिक से अधिक नए मतदाता जोड़ने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने मंडी परिसर में वाहनों की पार्किंग, निर्वाचन कार्मिकों के आवागमन और पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतगणना के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं और परिसर में यातायात व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली।इसके बाद विभिन्न बूथों पर पहुंचकर बीएलओ से फार्म छह, सात और आठ की स्थिति पूछी। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाएं। साथ ही मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने पर विशेष ध्यान दें। पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।