मैनपुरी। रामलीला मैदान में जैसे ही अन्याय और अहंकार के प्रतीक रावण का पुतला दहन हुआ, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रावण, मेघनाद और कुंभकरण दहन के बाद श्रद्धालुओं ने खुशियां मनाई। बुधवार की देर शाम आगरा रोड स्थित मैदान में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में श्रीराम-रावण युद्ध, रावण वध और दशहरा मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद महाराज के सानिध्य में आचार्य शील नामाचार्य ने भगवान के स्वरूपों का पूजन किया। एसपी गणेश प्रसाद साहा, एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, कमेटी अध्यक्ष महेशचंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, मंत्री सुरेशचंद्र बंसल बीनू और कोषाध्यक्ष अशोक गुप्ता पप्पू ने भगवान के स्वरूपों की आरती उतारी। इससे पहले रामलीला मंच पर भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। लीला और रावण दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बच्चों सहित लोगों में दशहरा मेले को लेकर खासा उत्साह नजर आया।