बेवर: कस्बे में ऐतिहासिक एवं पारंपरिक रामलीला महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। धरती पूजन से पहले आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। बैंड-बाजों की मधुर और भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु जमकर थिरके, जिससे समूचा वातावरण धर्ममय हो गया। मथुरा से पधारे विदेशी भक्तों की टोली हरे रामा,हरे कृष्णा संकीर्तन यात्रा आकर्षक का केंद्र रही। शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर गजानन की सवारी का जोरदार स्वागत किया। विघ्नहर्ता भगवान गणेश के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। शोभायात्रा के रामलीला मैदान पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत धरती पूजन एवं हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। पुजारियों ने विधि-विधान से आहुतियां दिलवाईं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की। आयोजकों ने बताया कि रामलीला मंचन को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए प्रतिवर्ष परंपरा अनुसार भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और धरती पूजन किया जाता है। धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण होने के उपरांत सभी भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, साहित्य गुप्ता,लकी पाण्डेय,प्रवल शुक्ला,सत्यम मिश्रा, रमाकांत दीक्षित,दीपू तिवारी, अन्नू लालजी दीक्षित गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। फोटो परिचय कस्बा के प्रमुख मार्गो से गुजरती गणेश शोभायात्रा में शामिल पदाधिकारी