लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र के सिसैया खुर्द गांव में घर में घुसकर मारपीट और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विवाद बृहस्पतिवार को और गरमा गया। ग्रामीणों ने विधायक विनोद शंकर अवस्थी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विधायक के इशारे पर घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की। बुधवार को मामले को लेकर ग्रामीणों और पुलिस में नोकझोंक के बाद पुलिस ने लाठियां भांजी थीं। ग्रामीणों ने इसका जिम्मेदार विधायक को बताया। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बुधवार को एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष सपा और कांग्रेस के लोगों के जरिये ग्रामीणों को भड़का रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने ही उन्हें जिताया है, इसलिए उन पर लाठी चलवाने के बारे में वह सोच भी नहीं सकते। विधायक ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।