कुशीनगर। पुलिस चौकी मगहर पुलिस के द्वारा मंगलवार को कबीर चौरा परिसर के पूरब आमी नदी तट स्थित शिवमंदिर परिसर व आमी नदी घाट पर सफाई अभियान चलाकर साफ सफाई की गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने अभियान के तहत गंदगी और कचरे को साफ किया। सीओ सदर प्रियम राज शेखर पांडेय ने कहा कि सफाई का हमारे जीवन में बड़ा महत्व होता है। स्वच्छ वातावरण से शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। अपने आसपास गंदगी न रहे और स्वच्छता बनानये रखने के लिए हम सभी लोगों का दायित्व बनता है। विशेष सघन सफाई अभियान का उद्देश्य धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना है। आगे कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे नियमित रूप से अपनाना चाहिए। चौकी इंचार्ज मगहर विनोद ने कहा कि साफ सफाई हमारे जीवन के लिये बहुत ही आवश्यक है। कबीरचौरा परिसर में कबीर की समाधि व मजार होने के नाते यहां पर्यटक आते रहते हैं जहां प्राचीन शिव मंदिर का दर्शन करने के साथ ही आमी नदी घाट को भी देखते हैं। ऐसे में इनकी साफ सफाई रखना हम सभी का दायित्व बनता है।