कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव मामों में बुधवार को पिता द्वारा जमीन नाम न किए जाने से नाराज होकर करीब 30 वर्षीय युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया। हालांकि, नीचे उतरते ही टावर लगी जगह की मालकिन ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने बीच-बचाव कर युवक को महिला से छुड़ाया। जानकारी के अनुसार, गांव मामों निवासी छोटेलाल पुत्र खेमकरण बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को काफी समझाया-बुझाया, जिसके बाद वह करीब आधे घंटे बाद नीचे उतर आया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसके पिता जमीन उसके नाम नहीं कर रहे हैं। इसी बात से नाराज होकर वह टावर पर चढ़ गया था। युवक के नीचे उतरते ही जिस जगह पर टावर लगा है, उस जगह के मालिक रूपेश की पत्नी ने गुस्से में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला से युवक को छुड़ाया। इसके बाद पुलिस ने छोटेलाल को अपने कब्जे में ले लिया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।