पुरानी बाजार सीताराम कॉलोनी में 46 साल बाद फिर से रामलीला का मंचन शुरू होगा। 11 से 21 अक्तूबर तक रामलीला का मंचन होगा। 20 अक्तूबर को रावण दहन होगा। 21 अक्तूबर को भरत मिलाप के साथ रामलीला का समापन होगा। रामलीला की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई हैं। यह जानकारी बुधवार को नेहरू नगर में श्री सार्वजनिक रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में दी। मालूम हो कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से पुरानी बाजार में रामलीला स्थल पर पानी भरने से रामलीला के मंचन का स्थान बदल दिया गया था। इस बीच हर साल ऋषि आश्रम, गोपीनाथपुरम, नमामि गंगे पार्क समेत अन्य स्थानों पर रामलीला का बारी-बारी से मंचन कराया गया। समिति के प्रबंधक प्रताप सिंह ने बताया कि समिति का यह 51 वां वर्ष है। इस बार फिर से उसी पुरानी बाजार के रामलीला स्थल पर रामलीला मंचन कराने का निर्णय सर्वसम्मिति से लिया गया है। इसको लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। बताया कि वर्ष 1975 में पुरानी बाजार में नगर की पहली रामलीला का आयोजन शुरू हुआ था। समिति के सदस्य प्रदीप शुक्ला ने बताया कि इस बार 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनेगा, जिसके मुंह और आंख से अंगारे निकलेंगें। उन्नाव के जाने माने आतिशबाज रामलीला में आतिशबाजी करेंगे। वार्ता के दौरान कमल वर्मा, पंकज त्रिपाठी, सोनू साहू व लल्ला बाजपेयी आदि मौजूद रहे।