रविवार को सुबह और शाम में चौतरफा जाम होने के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही जिसे किसी तरह से पुलिस ने निकलवाया। नवीन पुल पर शाम को कैंट कानपुर छोर गोलाघाट की ओर मूर्ति विसर्जन के दौरान कैंट पुलिस की ओर से डायवर्जन न किए जाने से अक्सर लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में पुल मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सरैया रेलवे क्रॉसिंग और मरहला चौराहा पर वाहनों का लोड बढ़ने के साथ ही विसर्जन यात्रा जाम का कारण बना। सुबह 10 से 11 बजे के बीच नवीन गंंगापुल मार्ग पर एक टेंपो खराब हो गया जिसके चलते जाम लगा, पुलिस ने लोगों की मदद से टेंपो को धक्का देकर शुक्लागंज छोर लाए जिसके बाद जाम खुला। कुछ घंटे बाद शाम 4 बजे से जैसे ही कानपुर कैंट छोर के गोलाघाट मार्ग पर विसर्जन के कार्य शुरू हुए कानपुर-उन्नाव की ओर आने जाने वाले वाहन फंस गए जिससे जाम लग गया। जाम की सूचना पर कोतवाली गंगाघाट पुलिस पहुंची और किसी तरह से यातायात व्यवस्थित किया। 6 बजे तक जाम रहा जिसके बाद वाहन रेंगते हुए पुल मार्ग से निकलते रहे। वहीं सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर विसर्जन यात्रा निकालने और वाहनों का लोड बढ़ने के कारण दोपहर डेढ़ से ढ़ाई और शाम पांच से सात बजे के बीच जाम रहा। इस दौरान फंसी एक एंबुलेंस को पुलिस ने किसी तरह से निकाला। यहीं हाल मरहला चौराहे का रहा यहां भी चौतरफा जाम शाम 5 से 7 बजे के बीच रहा। मौके पर रही कोतवाली और यातायात पुलिस ने मिलकर किसी तरह से जाम खुलवाया।