कानपुर के वार्ड 14 के अंतर्गत आने वाले एम ब्लॉक, ओ ब्लॉक और नया पूर्व क्षेत्रों में सीएम ग्रिड के कार्यों की लापरवाही और जलकल विभाग की अनदेखी के कारण भीषण जल संकट और गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों को एक-एक बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड की पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर दूषित जलापूर्ति से निजात नहीं दिलाई गई, तो बुधवार को जलकल और नगर निगम के अधिकारियों को यही गंदा पानी पिलाया जाएगा। पार्षद का आरोप है कि दोनों विभाग सीएम ग्रिड के अनियमित कार्यों पर न तो नजर रख रहे हैं और न ही कोई आपत्ति दर्ज कर रहे हैं।