जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एचबीटीयू के शताब्दी भवन में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए जिससे एक ही छत के नीचे केंद्र व राज्य सरकार के विभागों की सभी जानकारी लोगों को मिली। जिला जज अनमोल पाल ने दीप प्रज्जवलित कर व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला जज अनमोल पाल ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया तो वहीं गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म में भी शामिल हुए। अपर जिला जज रश्मि सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। प्राधिकरण सचिव अभिनव तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य होता है कि हर जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। विभिन्न लाभार्थियों को मंच से लाभ भी दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा 37 स्टॉल लगाकर लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अपर जिला जज देवकांत शुक्ला, सीजेएम प्रदीप कुमार शुक्ला, एसीजेएम अतुल कुमार नायक, जेसीपी संकल्प शर्मा, एडीएम सिटी सौरभ सिंह समेत कई न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।