बिधनू के दयालपुर कठारा गांव निवासी किसान जितेंद्र सिंह उर्फ धर्म (40) को सड़क से जानवर हटाने के विवाद में घेरकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि सिंहपुर के तीन युवकों ने गालीगलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला कर जितेंद्र के दोनों हाथ और एक पैर तोड़ दिए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किसान की 21 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दयालपुर कठारा निवासी जितेंद्र सिंह खेती-किसानी करते थे। उनके भाई राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 17 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे जितेंद्र जानवरों को लेकर रास्ते से खेत की ओर जा रहे थे। दयालपुर और सिंहपुर के बीच सड़क पर अपाचे बाइक से आए सिंहपुर निवासी शिवबालक, सूरज और माखन उर्फ अभिषेक जानवर हटाने के लिए हॉर्न बजाने लगे। जितेंद्र जानवरों को किनारे करने लगे, तभी तीनों ने उनसे गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि गालीगलौज का विरोध करने पर तीनों युवकों ने जितेंद्र को घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उनके दोनों हाथ और एक पैर टूट गया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सड़क पर तड़पते रहे। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। वहां से गुजर रहे गांव के एक युवक ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में जितेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन के मुताबिक, जितेंद्र का इलाज चल रहा था, लेकिन 21 सितंबर की सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जितेंद्र चार भाइयों अजमेर, अरविंद, सुनील और राजकुमार के साथ परिवार में रहते थे।