कानपुर में गंगा पुल बंद होने से मुगलरोड होकर वाहनों को कस्बे में रेंगते हुए प्रवेश मिल रहा है। जिससे कई किमी तक वाहनों की लाइन लगी रहती है। वहीं सोमवार को इसी रोड की रेलवे क्रॉसिंग का बैरियर ट्रक की टक्कर से टूट जाने से चक्का ही जाम हो गया। हालांकि बैरियर हटाकर आवागमन कुछ देर में ही चालू कर दिया गया, लेकिन तब तक तीन किमी तक जाम लग गया। करीब दो घंटे जाम के बाद पूरे दिन वाहन रेंगते हुए निकलते रहे। गंगा पुल बंद होने से भारी वाहनों को चौडगरा से जहानाबाद होकर घाटमपुर आना पड़ रहा है। कस्बे के मुख्य चौराहे पर चारो ओर के वाहनों को बारी बारी से निकाला जाता है। वाहनों का अधिक लोड होने के चलते जहानाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को रेंगते हुए निकलना पड़ता है, जिससे दिन में कई किमी लम्बी लाइन लग रही है। वहीं करीब साढ़े 11 बजे एक ट्रक की टक्कर से जहानाबाद रेलवे क्रॉसिंग का बैरियर टूटना कोढ में खाज बन गया। ज़ब तक बैरियर व ट्रक को हटाया गया तब तक जहानाबाद रोड पर करीब चार किमी जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद जाम तो खुल गया, लेकिन बीच बीच में ट्रेन निकलने से बार बार जाम की स्थिति बनती रही। जिससे पूरे दिन ही वाहनों की कतार लगी रही और वाहन रेंगते हुए निकलते रहे।