सड़क सुरक्षा व अवैध परिवहन के विरुद्ध तहसील क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सात भारी वाहनों पर 2.66 लाख की पेनाल्टी की गई। अभियान में एसडीएम अविचल प्रताप सिंह व एआरटीओ कहकशां खातून, खनिज अधिकारी और पुलिस की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने घाटमपुर और सजेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने और अवैध रूप से संचालित वाहनों को चिह्नित किया गया। संयुक्त टीम ने जांच के दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेजों और परिवहन संबंधी नियमों की पड़ताल की। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध परिवहन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। डीएम के निर्देश पर परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभागीय टीमें सक्रिय रहेंगी।