दीवाली पर्व को लेकर तहसील क्षेत्र की बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रोशनी-खुशहाली व सुख, समृद्धि और वैभव के पर्व के मद्देनजर प्रमुख बाजारों व चौराहों पर भगवान गणेश-लक्ष्मी की भांति-भांति की आकर्षक मूर्तियों की दुकानें सज गई हैं। भीड़ से बचने के लिए अभी से बड़ी संख्या में ग्रामीण इनको खरीदने के लिए उमड़ रहे हैं। अरौल, मकनपुर, विषधन, देवहा, ककवन, अलियापुर, बिल्हौर, उत्तरीपूरा, शिवराजपुर, चौबेपुर में गुरुवार को बड़े पैमाने पर प्रमुख बाजारों-मुख्य मांर्गों किनारे भगवान गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों वाली दुकानें सजीं। दुकानों पर छोटे आकार से लेकर भव्य स्वरूप वाली मूर्तियां सज गई हैं। इनमें गुलाबी, पीले, सुनहरे और पारंपरिक रंगों से सजी मूर्तियां लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। दुकानदार प्रभात गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान पर 20 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की मिट्टी और प्लास्टर आफ पेरिस की दुकान मौजूद हैं। ग्राहक सर्वाधिक मिट्टी से बनी मूर्तियों की मांग कर रहे हैं, इसके साथ भगवान गणेश की उन मूर्तियों को भी वरीयता के साथ खरीदा जा रहा है, जिनमें उनकी सवारी चूहा भी उकेरा गया है। इसी तरह धनतेरस पर्व को लेकर इलेक्ट्रानिक, मोबाइल, सोने-चांदी, बर्तन और अन्य घरेलू सामान वाली दुकानों पर भी साज-सज्जा के साथ बिकवाली आरंभ हो गई है।