अमर उजाला ब्यूरो झांसी। कोतवाली के कसाई मंडी निवासी कुछ युवकों ने रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। आरोपी युवकों ने जिंदा चूहे को पकड़कर पहले उसे रस्सी से बांधकर लटका दिया, उसके बाद डंडे से पीटते हुए पेट्रोल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया। आग का गोला बने चूहे ने कुछ देर में तड़प-तड़प कर जान दे दी। इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस भी हरकत में आ गई। कोतवाली में आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उपनिरीक्षक रोहित कुमार ने तहरीर के जरिये बताया कि कुछ दिन पहले ओरछा गेट, कसाई मंडी निवासी जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी एवं शफीक कुरैशी ने घर के पास से चूहे को पकड़कर उसे रस्सी से बांधा। वहां मौजूद आलशफ कुरैशी उसे जलाने के लिए कहते हुए वीडियो बनाने की बात भी कह रहा था। आरोपियों ने चूहे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। दो दिन से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाल अंजन कुमार सिंह के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है