गंगा की रेती पर आस्था, श्रद्धा और परंपरा का अनूठा संगम एक बार फिर सज उठा है। कार्तिक पूर्णिमा मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, डीएम कविता मीना, सीडीओ श्रुति शर्मा, एसपी मधुबन कुमार सिंह की मौजूदगी में फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर मेले का उद्घाटन किया। इसके साथ ही गंगा तट पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले में रौनक बढऩे लगी है। श्रद्धालुओं के आगमन में तेजी आ रही है और हर घंटे मेला क्षेत्र की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। उद्घाटन समारोह में प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि लाखों लोगों के लिए रोजगार और कारोबार का बड़ा माध्यम भी है। भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही इस मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिया था। अब शासन और प्रशासन के माध्यम से इसे भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, मेले में श्रद्धालुओं के साथ पशु व्यापारियों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। पशु मेले में कारोबारियों की आमद बढ़ने से व्यापारिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। पशुओं की खरीद-फरोख्त से लेकर खानपान, खिलौने, प्रसाद और अन्य दुकानों तक हजारों लोगों का कारोबार मेले से जुड़ा है। गंगा तट पर 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। प्रभारी मंत्री ने गंगा आरती कर देखी विभागीय प्रदर्शनी, की समीक्षा बैठक गंगा मेले के उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री ने विधि-विधान से मां गंगा की आरती की। इस दौरान उन्होंने गंगा तट पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। जिसके बाद उन्होंने कृषि विभाग, शिक्षा विभाग और गन्ना विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी को देखा। विभागीय अधिकारियों से प्रदर्शनी में प्रदर्शित योजनाओं, कृषि तकनीक और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गंगा मेले की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद प्रभारी मंत्री आवश्यक दिशा-निर्देश देकर वापस लौट गए। इस दौरान मेला क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।