सोमवार की देर रात स्याना मार्ग पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों समेत तीन को गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाश शातिर हैं, जो विद्युत तार गिरोह के सदस्य है। उनका एक साथी फरार होने में कामयाब हो गया। बदमाशों के पास से चोरी किए गए तार, चोरी के उपकरण, अवैध असलाह व अन्य सामान बरामद हुए हैं। सीओ राहुल यादव ने बताया कि रात करीब 11 बजे पुलिस और स्वाट टीम स्याना मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से ऑटो लेकर चार लोग आते दिखे। रोकने पर चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की; तो पुलिस टीम ने पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस कर्मियों पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने तीन को पकड़ लिया। जबकि, उनका एक साथ फरार हो गया। गोली लगने से घायल बदमाश सुरेंद्र उर्फ सुंदर निवासी नगला आलमपुर थाना खानपुर जनपद बुलंदशहर, दीपक निवासी शाहपुर चौधरी, गढ़ है। तीसरा बदमाश शेरू उर्फ जयदीप निवासी किठौर है। इसके अलावा फरार बदमाश सतीश निवासी अगौता, बुलंदशहर है। बदमाशों के पास से छह क्विंटल विद्युत तार, तार चोरी करने के उपकरण, दो तमंचे, कारतूस, ऑटो लोडर व अन्य सामान बरामद हुआ है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। सीओ ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। सभी बदमाश शातिर हैं। आरोपियों ने गढ़, बहादुरगढ़, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।