गन्ने के खेत में पशुओं के लिए चारा काट रहे दो किसान भाइयों पर मंगलवार दोपहर अचानक वनरोज ने हमला कर दिया। हमले में रामसागर वर्मा (43) की मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई सियाराम वर्मा (50) घायल हो गए। घटना खरगूपुर थाना क्षेत्र के छिटनापुर ग्राम पंचायत के मजरा शिवसहाय पुरवा की है। दोनों भाई घर से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में चारा काट रहे थे। सियाराम के अनुसार, इसी दौरान वनरोज ने उन पर हमला कर दिया। वह हंसिया छोड़कर भागे और घायल हो गए। रामसागर ने उन्हें घर भेज दिया और हंसिया लेने के लिए खुद खेत में लौटे। इसी दौरान वनरोज ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि वनरोज का सींग रामसागर के सीने में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के ननकऊ वर्मा ने बताया कि वह और कुछ महिलाएं भी आसपास चारा लेने गई थीं। घटना की जानकारी पर दोनों भाइयों को घर लाया गया और परिजन सीएचसी ले गए। अधीक्षक डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि रामसागर की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। सियाराम का प्राथमिक उपचार किया गया। सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि खरगूपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।