गोंडा में कटरा बाजार के अशोकपुर दूबेपुरवा निवासी प्रदीप दुबे (20) की मौत के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिजनों ने पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। शनिवार शाम प्रदीप मदरहवा चौराहे की साप्ताहिक मंडी से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि गंडाही पांडेय पुरवा नहर के पास पांच लोगों ने उस पर हमला किया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यूपी-112 पर हादसे की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरती दिखी है। प्रथमदृष्टया हादसे की संभावना है। एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि परिजनों के हत्या के आरोप की भी जांच कराई जा रही है।