गोंडा में शनिवार को तहसील तरबगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अफसरों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के बाद डीएम और एसपी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डेमो चेक, क्षय रोगी को पोषण पोटली किट, निराश्रित महिलाओं को पेंशन स्वीकृति प्रमाणपत्र और वृद्धावस्था पेंशन की महिला लाभार्थियों को भी स्वीकृति प्रमाणपत्र दिए गए। इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड तरबगंज की ग्राम पंचायत खानपुर में तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तालाब की स्थिति और उसके रखरखाव की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।