गोंडा में रोजगार मिशन के तहत जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तरबगंज और कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्रों में दो नए मेले लगेंगे। 30 अक्तूबर को तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के किसान बालिका इंटर कॉलेज में रोजगार मेला आयोजित होगा। वहीं, चार नवंबर को कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के भारतीय इंटर कॉलेज में मेले का आयोजन किया जाएगा। देवीपाटन मंडल के सहायक निदेशक राजीव कुमार सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौरा विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेला पहले ही आयोजित किया जा चुका है। तरबगंज और कटरा बाजार के मेलों में 30 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें निजी कंपनियों के साथ उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। सरकारी विभाग भी स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रतिभाग करेंगे। रोजगार मेले में करीब एक हजार पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध होंगे। 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के युवा इन मेलों में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है। इन मेलों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।