यूपी के गोंडा में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रहे ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार महिला और डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। जबकि, छह बच्चे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली है। हादसा करनैलगंज क्षेत्र के चचरी-शाहपुर मार्ग पर हुआ। बताया गया कि शाहपुर धनावा निवासी एक परिवार करनैलगंज नगर के सकरौरा मोहल्ले में रिश्तेदारी में होने वाले शादी समारोह में शामिल होने ऑटो बुक कराकर जा रहा था। बरगदी और चचरी के बीच पारा मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी, करनैलगंज ले जाया गया। वहां सन्नो (30) पत्नी रियाज अली और उसकी जेठानी के डेढ़ वर्षीय बेटे रियाज पुत्र हुसैन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं जीनत (8), साहिद (10), मीना (5), हिना (5), सिराज (12) और फिजा (8) घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।