बिरनो थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव निवासी राहुल राजभर (39) ने बुधवार शाम मंगई नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस और ग्रामीण नदी में युवक की तलाश में जुटे हैं। थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव ने बताया कि राहुल राजभर बुधवार शाम करीब चार बजे साइकिल से मंगई नदी पुल पर पहुंचा था। पुल के पास साइकिल खड़ी करने के बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने उसे नदी में कूदते देखा, लेकिन पानी अधिक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि राहुल छह भाइयों में दूसरे नंबर पर था और अविवाहित था। वह दोनों पैरों से दिव्यांग भी था। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उसकी तलाश कराई जा रही है। परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।