फिरोजाबाद। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के बाहर हुंकार भरी। पुरानी पेंशन बहाली सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर कहा कि यह आंदोलन देश व्यापी है। यदि हम रिटायर कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना तो आगामी चुनाव में सरकार को सबक सिखाने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय को सौंपा। उन्होंनें ज्ञापन भेजने का भरोसा दिया। अखिल भारतीय एवं राज्य सरकार पेंशनर्स फेडरेशन के आवाहन पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन एवं सेवानिवृत कर्मचारी व पेंशनर्स एसोसिएशन की जिला इकाई ने विकास भवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव ने कहा आज के धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल पेंशनर्स इस बात का संकेत दे रहे हैं कि वह बड़े आंदोलन को तैयार हैं। जिला मंत्री विजेंद्र सिंह ने कहा कि पेंशनरों को कमजोर,निष्प्रयोजन समझने की सरकार भूल कतई न करें। पेंशनर्स परिवार के मुखिया के रूप में समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मीडिया प्रभारी एवं कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने कहा कि वित्त विधेयक 2025 में पेंशन तिथि के आधार पर विभेद पैदा करने वाले अंश को हटाते हुए पुराने पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग की सीमा में लाया जाए। अन्यथा पेंशनर्स सड़क से संसद तक आंदोलन करेंगे। लटूरी सिंह ने कहा कि अन्याय के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान प्रदीप कुमार पांडेय, मुसद्दक हुसैन, रामनाथ यादव, हरीशंकर यादव, रामसेवक, प्रो. सनिल वर्मा, दर्शन सिंह, ब्रजेश उपाध्याय, नेपाल सिंह बघेल, घनश्याम सिंह, लटूरी सिंह, मुश्ताक अहमद, दिनेश बाबू कुशवाहा, विनोदपाल सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, चेतन बिहारी सक्सेना, लक्ष्मी देवी, कुशमेश शर्मा, महीपाल सिंह, महेशचंद्र गुप्ता, अरविंद आर्य, कुशलपाल सिंह, रामवीर सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, कृपाल सिंह सहित बडी संख्या में जिले के पेंशनर्स कर्मचारी शामिल थे।