फिरोजाबाद। बिजली गुल होने से गुस्साए लोगों का आक्रोश मंगलवार रात ककरऊ कोठी फीडर पर फूट पड़ा। फॉल्ट के बाद विद्युत कर्मी आपूर्ति बहाल करने में जुटे थे, तभी एक युवक शराब के नशे में फीडर पर पहुंच गया और कर्मचारियों से अभद्रता करने लगा। कर्मियों ने उसे वहां से जाने को कहा तो उसने मशीन में सिर मार दिया। कुछ देर बाद अंबेडकर नगर से एक दर्जन से अधिक लोग फीडर पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ देखकर कर्मियों ने लोहे का गेट बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया। रहना नाला स्थित ककरऊ कोठी फीडर पर मंगलवार रात फॉल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी दौरान मोनू नाम का युवक फीडर पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने विद्युत कर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। कर्मियों के विरोध करने पर उसने मशीन में अपना सिर मार लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने उसे वहां से बाहर कर दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद अंबेडकर नगर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक लोग महिलाओं के साथ फीडर पर पहुंच गए। लोगों ने बिजली आपूर्ति को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ बढ़ती देख विद्युत कर्मियों ने फीडर का लोहे का गेट बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची थाना उत्तर पुलिस ने लोगों को समझाया-बुझाया। पुलिस के समझाने के बाद लोग अपने घर लौट गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि दोबारा फीडर पर पहुंचकर हंगामा या विद्युत कर्मियों से अभद्रता की गई तो कार्रवाई की जाएगी। एसएसओ श्यामवीर सिंह यादव ने बताया कि फॉल्ट के कारण 15 से 20 मिनट के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। इसी को लेकर कुछ लोग महिलाओं के साथ फीडर पर पहुंचे थे। आरोप है कि युवक शराब के नशे में अभद्रता कर रहा था। उन्होंने मशीन पर लगा मीटर उखाड़ने का भी आरोप लगाया है।