नारखी। थाना क्षेत्र के शाहपुर चक्की के पास 15 नवंबर को सड़क हादसे में घायल मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बछगांव के पास ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी निवासी यतेंद्र (40) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मौसेरे भाई नीलकमल ने बताया कि यतेंद्र 15 नवंबर को अकेले बाइक से अपनी ससुराल सत्य नगर, टापा कला, थाना उत्तर जा रहे थे। जैसे ही वह शाहपुर चक्की के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर भर्ती कराया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया था। आगरा के एक निजी चिकित्सालय में से वापस सोमवार दोपहर उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले आए थे। यहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक दो भाइयों व पांच बहनों में चौथे नंबर के थे और अपने पीछे पत्नी सोना व दो बेटों को छोड़ गए हैं। सीओ टूंडला शेखर सेंगर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा जाएगा। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।