छिवली गांव के पास स्थित एक बाइक के वेयरहाउस में समय से वेतन न मिलने से नाराज श्रमिकों ने सोमवार सुबह काम बंद कर दिया। इसके बाद ठेकेदार से भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद श्रमिक काम शुरू करने के लिए राजी हुए। श्रमिक सुबह करीब आठ बजे वेयरहाउस पहुंचे, लेकिन काम शुरू करने के बजाय वेतन की मांग को लेकर विरोध जताने लगे। सूचना मिलने पर औंग थाने से उपनिरीक्षक विकास वर्मा भी पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक ने ठेकेदार से श्रमिकों के भुगतान में देरी का कारण पूछा। ठेकेदार ने बताया कि बैंक बंद होने के कारण वेतन खातों में भेजने में दिक्कत हुई है। जल्द भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया। ठेकेदार ने बताया कि कुछ श्रमिकों के बैंक खाते का विवरण सही नहीं होने के कारण उनके भुगतान में समस्या आई है। संबंधित श्रमिकों से सही खाता विवरण मांगा गया है। जानकारी मिलते ही उनका वेतन भी भेज दिया जाएगा। पुलिस की मौजूदगी में भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद श्रमिक काम शुरू करने के लिए राजी हो गए। इसके बाद वेयरहाउस में कामकाज शुरू हो गया। कंपनी मैनेजर रोहित खन्ना ने बताया कि कंपनी ने ठेकेदार को पेमेंट कर दिया था, लेकिन बैंक के हड़ताल के कारण कुछ समस्याएं आ गई थी। जल्द सभी श्रमिकों का वेतन उनके खाते में भेजवा दिया जाएगा।