एटा के गांव किशोरपुर में एक युवक की सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं। शराब पीने के बाद उसके तीन दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों घर से करीब 500 मीटर दूर एक चारपाई पर पड़े मिले। गांव का ही एक युवक उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार अजीत (18) पुत्र चंद्रपाल महाराष्ट्र में टमाटर का कारोबार करता था। शिवकुमार (19) पुत्र दुर्विजय कक्षा 12 का छात्र था, जबकि जीतू (20) पुत्र लेखराज महाराष्ट्र में शटरिंग का काम करता था। बताया गया कि गांव के महिपाल के बेटे लोकेंद्र का विवाह तय हुआ था। इसी खुशी में तीनों युवक एक बोतल शराब लेकर आए और गांव के स्कूल में बैठकर शराब पी। इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि तीनों युवक बाइक लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर एक समर्सिबल के पास चक्कर आने पर पास में पड़ी चारपाई पर लेट गए। उधर से गुजर रहे गांव के ही दूधिया सिंटू ने दो लोगों को चारपाई पर पड़ा देखा। वहीं शिवकुमार खड़ा था। उनके हाथों की हालत खराब होने पर वह तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई।