एटा। दीपावली का अवकाश समाप्त होने के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बस स्टैंड पर नोएडा, परी चौक और बल्लभगढ़ जाने के लिए यात्रियों को एक से दो घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ा। बसों की कमी के कारण कई यात्री परेशान होते रहे। शनिवार को बस स्टैंड पर नोएडा, परी चौक और बल्लभगढ़ जाने वाले यात्रियों की भीड़ लगी रही। यात्री बसों के इंतजार में इधर-उधर भटकते नजर आए। बल्लभगढ़ जाने के लिए रियाशा एक घंटे से बस का इंतजार कर रही थीं, लेकिन उन्हें बस नहीं मिल सकी। वहीं कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्हें परी चौक जाने के लिए काफी देर से बस का इंतजार करना पड़ रहा है। जैथरा से आए सुनील कुमार यादव ने बताया कि वह नोएडा जाने के लिए पिछले दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक बस उपलब्ध नहीं हुई है। यात्रियों का कहना था कि आगरा सहित अन्य मार्गों पर बसें मिल रही हैं, लेकिन नोएडा, गाजियाबाद, परी चौक और बल्लभगढ़ जाने वाले मार्गों पर बसों की उपलब्धता कम होने से परेशानी उठानी पड़ रही है। त्योहार के बाद नौकरी और कामकाज पर समय से पहुंचने की मजबूरी के बीच यात्रियों को बस स्टैंड पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।