देवरिया पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहने वाले 27 वर्षीय सिपाही आदित्य राम श्रीवास्तव की बृहस्पतिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भोजन करने के बाद सोने की तैयारी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आसपास रहने वाले पुलिसकर्मी उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आदित्य गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव के निवासी थे और वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती एसपी कार्यालय स्थित सीओ कार्यालय में थी।