फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चित्रकूट: मंदाकिनी का पानी घटा, छोड़ गई तबाही, रामघाट की 200 से अधिक दुकानों में घुसा था दो से तीन फीट पानी

मंदाकिनी नदी का उफान अब थमने लगा है। रविवार को नदी का जलस्तर करीब दो मीटर घटकर 124.750 मीटर पर पहुंच गया, लेकिन पीछे तबाही के निशान छोड़ गया है। रामघाट क्षेत्र की 200 से अधिक दुकानों में घुसा दो से तीन फीट पानी उतरने के बाद अब दुकानदार मलबा और कीचड़ साफ करने में जुटे हैं। नगर पालिका के कर्मचारियों ने भी घाटों पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। मंदाकिनी करीब 20 घंटे से अधिक समय तक खतरे के निशान 126.500 मीटर के आसपास बहती रही। तेज उफान के कारण रामघाट की सभी दुकानें और आरती स्थल जलमग्न हो गए थे। दुकानों में रखा पूजा सामग्री, प्रसाद, कपड़े और अन्य सामान पानी में भीग कर खराब हो गया। पानी उतरने के बाद दुकानों और घाटों के रास्तों पर सिल्ट व कीचड़ जमा हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो रही है। नदी का वेग कम होने के बाद पानी तो उतर गया, लेकिन बाढ़ के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। तेज बहाव में घाट पर लगे पत्थर तक उखड़ गए हैं और आरती स्थल अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं। दुकानदारों का कहना है कि पितृपक्ष मेले के चलते उन्होंने नया सामान भर रखा था, जो खराब हो गया है। लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। नगर पालिका की टीम घाटों और दुकानों के बाहर जमा कीचड़ हटाने में लगी है, लेकिन सफाई का काम धीमी गति से हो रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द सफाई पूरी कराने और बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर राहत दिलाने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें