वाराणसी में नमो घाट से अस्सी घाट तक प्रस्तावित वायुसेना के एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाराणसी और चंदौली प्रशासन ने तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। गंगा के दोनों किनारों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और आवागमन को व्यवस्थित करने की कवायद शुरू हो गई है। बुधवार सुबह गंगा पार डोमरी क्षेत्र में तैयारियों को गति देने के लिए जेबीसी समेत चार बड़ी मशीनें पहुंचीं। करीब 50 कर्मचारियों को अलग-अलग कार्यों में लगाया गया है। मशीनों की मदद से आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित करने का काम शुरू कराया गया। एयर शो के दौरान गंगा पार डोमरी की ओर भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से पहले से ही जरूरी व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं।