चंदौली। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां चौराहे के पास बेकरी की दुकान की आड़ में पटाखों का अवैध गोदाम चल रहा था। पुलिस ने दुकान के बगल वाले कमरे में रखे नौ गत्तों से 103 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकान संचालक राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सूचना पर पुलिस ने मारा छापा सीओ सकलडीहा कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात बलुआ थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चहनियां चौराहे के पास स्थित एक बेकरी की दुकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान के बगल में बने कमरे में नौ गत्तों के अंदर पटाखे छिपाकर रखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर इनका कुल वजन 103 किलोग्राम निकला। कई तरह के पटाखे बरामद पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों में चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम, चटाई और आसमानी पटाखे समेत कई तरह के पटाखे शामिल हैं। इन्हें नौ गत्तों में भरकर रखा गया था। घनी आबादी में बिना अनुमति किया था भंडारण गिरफ्तार आरोपी की पहचान खंडवारी चहनियां गांव निवासी राहुल सिंह के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के पटाखों का भंडारण किया गया था। इससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।