पीडीडीयू नगर। बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां शराब की मांग पूरी करने के लिए तस्करों ने नया तरीका अपना रखा था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर पारदर्शी टेप से पैक किया जाता था। पुरुष तस्कर इन्हें पिट्ठू बैग और कपड़ों के थैलों में रखते थे, जबकि महिलाएं हैंड पर्स, सूटकेस और कपड़ों में छिपाकर शराब बिहार पहुंचाती थीं। चंदौली कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 महिलाओं समेत 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीडीडीयू नगर के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में छापा मारकर 520.7 लीटर अवैध शराब बरामद की। इसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 2234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच शामिल हैं। इसके अलावा शराब बिक्री के 37,690 रुपये नकद, एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक मोपेड भी बरामद की गई। चेकिंग के दौरान खुला तस्करी का राज पुलिस के अनुसार, मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक बाइक मोड़कर भाग निकला, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति फिसलकर गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान बिहार के वैशाली जिले के सुमंत कुमार के रूप में हुई। तलाशी में उसके पिट्ठू बैग से शराब बरामद हुई। पूछताछ में उसने वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में शराब की बड़ी खेप रखे होने की जानकारी दी। सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से होता था आना-जाना इसके बाद पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट पर छापा मारा। सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से अंदर पहुंची पुलिस को कम रोशनी में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों की पैकिंग करते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 33 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 18 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट का इस्तेमाल शराब की खेप जमा करने और उसे छोटी-छोटी खेप में बांटने के लिए किया जा रहा था। बोतलों को अखबार में लपेटकर अलग-अलग पैकेट तैयार किए जाते थे। ट्रेनों और बसों से बिहार भेजते थे शराब जांच में सामने आया कि स्थानीय शराब के ठेकों से टेंपो और मोटरसाइकिल के जरिये शराब रेस्टोरेंट तक पहुंचाई जाती थी। यहां से छोटी-छोटी खेप बनाकर सवारी ट्रेनों, बसों और निजी वाहनों से बिहार भेजी जाती थी। वहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रेस्टोरेंट के मालिक और शराब ठेके से जुड़े संतोष गुप्ता की भूमिका को लेकर भी पूछताछ में जानकारी सामने आई है। पुलिस ने रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी है। बिहार के कई जिलों के निवासी गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों में चंदौली के अलावा बिहार के वैशाली, पटना, रोहतास, नालंदा, गया और जहानाबाद समेत कई जिलों के निवासी शामिल हैं। इनमें पुरुष और महिलाएं दोनों हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। सीओ सदर नामेंद्र रावत ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 महिलाओं समेत 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब बिहार भेजी जानी थी। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।