चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरना दिया। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई। पार्टी ने रेलवे को 100 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में मांगें पूरी नहीं हुईं तो 20 सितंबर के बाद रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरने का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि चंदौली मझवार स्टेशन से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का विकास कराया जा रहा है, लेकिन अभी भी कई जरूरी सुविधाएं मानक के अनुरूप उपलब्ध नहीं हैं। स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट और डीलक्स शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा टिकट काउंटर स्टेशन परिसर के बाहर खोले जाने की भी मांग रखी गई।