पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर बुधवार रात जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ लिया। युवक बिहार के मुजफ्फरपुर से रुपये लेकर दिल्ली जा रहा था। युवक रुपये के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब और दस्तावेज नहीं दिखा सका। जीआरपी की सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम युवक और रुपये को अपने साथ ले गई। जीआरपी थाने में बृहस्पतिवार को सीओ जीआरपी वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह ने मामले का खुलासा किया।