बदायूं के गांधी मैदान में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के दौरान शनिवार को शाम पांच बजे भव्य शिव बरात धूमधाम से निकाली गई। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों की ओर से आयोजित इस शिव बरात का शुभारंभ बिरुआबाड़ी मंदिर से हुआ। शिव बरात बिरुआबाड़ी मंदिर से शुरू होकर काली सड़क, मढ़ई चौक, शास्त्री चौक, बड़ा बाजार, खैराती चौक, गोपी चौक, लावेला चौराहा होते हुए रामलीला मैदान गांधी ग्राउंड पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से शहर गूंजता रहा। बरात में भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी और शिव के गणों के रूप में भूत-प्रेतों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। एक झांकी में नंदी पर सवार होकर शिव-पार्वती नगर भ्रमण पर निकले, तो दूसरे रथ पर भगवान शिव की मनमोहक झांकी सजी थी। डीजे की भक्ति भरी धुनों पर युवा भक्त नाचते-गाते चल रहे थे। शिव बरात की विशेषता यह रही कि भोले सेवा दल के सदस्य पूरी बारात के आगे मार्ग में जल का छिड़काव और झाड़ू लगाते हुए चल रहे थे। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जब बरात निकली तो जगह-जगह व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। कई जगह प्रसाद का वितरण भी किया गया। श्री रामलीला महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कांत ने बताया कि बताया कि हर वर्ष रामलीला मंचन से पूर्व शिव बरात निकालने की परंपरा है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।