लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है। बरेली में महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने खरना की परंपरा पूरी निष्ठा से निभाई। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का कठिन निर्जल उपवास शुरू हो गया। व्रती महिलाएं रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के लिए मंगल कामना करेंगी। महिलाओं ने शनिवार शाम को स्नान के बाद नए वस्त्र धारण किए। उन्होंने शुद्धता का ध्यान रखते हुए मिट्टी के नए चूल्हे पर प्रसाद तैयार किया। आम की लकड़ियों से गुड़ की खीर और घर के आटे की रोटियां बनाई गईं। छठी मइया को भोग लगाने के बाद व्रती महिलाओं ने यह प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पारंपरिक मंगल गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बनाया गया।