रंग-बिरंगी चीनी झालरों और इलेक्ट्रॉनिक दीयों की जगमगाहट के बीच मिट्टी के दीयों का आकर्षण अब भी बरकरार है। दीपावली के त्योहार पर शहर की सड़कों के किनारे एक बार फिर मिट्टी के बर्तनों का बाजार गुलजार हो गया है। खास बात यह है कि आधुनिक सजावटी सामान की बढ़ती चमक के बावजूद लोग परंपरागत मिट्टी के दीये और बर्तन खरीदने पहुंच रहे हैं। शहर के स्टेशन रोड पर सजे मिट्टी के बर्तनों के बाजार में धनतेरस से ही बिक्री शुरू हो गई है। बाजार में मिट्टी के दीयों की कई किस्में उपलब्ध हैं। यहां दुकान पर मिली किशोरी अमीना ने बताया कि उनके माता-पिता घर पर मिट्टी के बर्तन और दीये बनाते हैं, जबकि वह दुकान संभालती हैं। इस बार साधारण मिट्टी के दीये 100 रुपये में 100 बिक रहे हैं। वहीं, डिजाइनर दीये 100 रुपये में 25 और कम डिजाइन वाले दीये 100 रुपये में 50 मिल रहे हैं। दुकान लगाने आए बदरुद्दीन ने बताया कि इस बार मिट्टी की उपलब्धता में दिक्कत रही। मिट्टी के बर्तनों को पकाने के लिए गोबर के उपलों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस बार इसकी कीमत भी दोगुनी हो गई है। पिछले साल जो उपला एक रुपये में मिलता था, वह अब दो से तीन रुपये में बिक रहा है। इससे बर्तन बनाने की लागत बढ़ गई है। इसके बावजूद कुम्हारों ने दीयों और मिट्टी के बर्तनों की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। परंपरा बचाने की कोशिश में कुम्हार मिट्टी की कमी और ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच कुम्हारों के सामने लागत निकालने की चुनौती है। इसके बावजूद उन्होंने ग्राहकों पर महंगाई का बोझ नहीं डाला है। बाजार में मिट्टी के दीयों की खरीदारी यह बताने के लिए काफी है कि इलेक्ट्रॉनिक सजावट के दौर में भी पारंपरिक दीयों की रोशनी का महत्व कम नहीं हुआ है।