उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का क्या हाल था, यह किसी से छिपा नहीं है। बाराबंकी की स्थिति भी काफी खराब थी। अब प्रदेश में कानून का राज है। इसी का नतीजा है कि उद्योगपति निवेश के प्रस्तावों को धरातल पर उतार रहे हैं और नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उपमुख्यमंत्री बुधवार को शहर के निकट पलिया मसूदपुर स्थित एक निजी फैक्ट्री के शुभारंभ के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में ‘एक जिला, एक माफिया’ की स्थिति थी। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था और सुरक्षित माहौल से प्रदेश में निवेश का वातावरण बना है। नए उद्योगों से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। कार्यक्रम में राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा समेत कारोबारी और अन्य लोग मौजूद रहे।