बाराबंकी: देवा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खास तौर पर दर्शनार्थियों के आवागमन, रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, वैकल्पिक मार्गों, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और अग्निशमन इंतजामों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि दर्शनार्थियों के आवागमन मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहे। वाहनों के रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जाए, ताकि मेले में जाम की स्थिति न बने। पुलिस पिकेट और पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को भी कहा गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी, प्रभारी निरीक्षक देवा सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।