धर्मनगरी मेंं रविवार शाम मंदाकिनी के घाटों पर ऐसा नजारा था कि हर आंख ठहर गई। लोक आस्था के महापर्व छठ पर धर्मनगरी पूरी तरह छठी मइया के रंग में रंगी दिखी।सिर पर बांस के दउरा, हाथों में फल-फूल और ठेकुआ से सजे सूप, और चेहरे पर अटूट आस्था... कमर भर पानी में खड़ी व्रतियों ने जब डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। छठ पर्व के तीसरे दिन रविवार दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाएं व पुरुष सर पर बांस की टोकरी में पूजन सामग्री लेकर परिवार के साथ मंदाकिनी तट की ओर रवाना हुए। कर्वी के पुल घाट, रामघाट, भरतघाट, राघव प्रयाग घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रतियों ने सूप में ठेकुआ, गन्ना, नारियल, केला, सिंघाड़ा और दीप सजाकर विधि-विधान से पूजा की। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाए। घाटों पर देर शाम तक आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन व पालिका द्वारा घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए थे।