अयोध्या में अक्षय नवमी पर आयोजित 14 कोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए मंगलवार को रोडवेज स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। बस में सवार होने के लिए श्रद्धालु धक्का-मुक्की करते दिखे। तमाम श्रद्धालु आपातकालीन दरवाजा व खिड़कियों से बस में घुसते दिखे। परिवहन निगम के अनुसार दोपहर एक बजे तक अयोध्या के लिए 20 बसें भेज दी गई थी। बावजूद इसके दिन भर अयोध्या जाने के लिए श्रद्धालु परेशान दिखे। गौरा चौराहा की कंचन, ममता, पतझी के राम किशोर, बाबादीन, मंगरे प्रसाद ने बताया कि सुबह 10 बजे से बस का इंतजार कर रहे हैं। कई बस जा चुकी है, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण बैठे नहीं पाए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि भोर से ही अयोध्या जाने के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। दोपहर एक बजे तक 20 बसें भेजी जा चुकी हैं। जिले से करीब पांच हजार श्रद्धालु अयोध्या गए हैं। बलरामपुर-गोंडा मार्ग बंद होने के कारण उतरौला होते हुए अयोध्या के लिए बसों का संचालन किया गया। ऐसे में श्रद्धालुओं को 21 रुपये अधिक देने पड़े। बलरामपुर से गोंडा होते हुए अयोध्या का किराया 131 रुपये हैं। वहीं उतरौला होते हुए अयोध्या तक 152 रुपये किराया देना पड़ा।