बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता ब्रह्मदेवता गांव निवासी 22 वर्षीय मनीष यादव पुणे जाते समय बैतूल रेलवे स्टेशन के पूर्व बृहस्पतिवार को चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। वह दोस्त के साथ बेंगलुरु एक्सप्रेस से बक्सर से नागपुर होते हुए पुणे जा रहा था। दोनों वहां ड्राइविंग का काम करने के लिए निकले थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार ट्रेन में जगह नहीं होने के कारण मनीष और उसका दोस्त गोलू यादव गेट के पास बैठे थे। सुबह करीब नौ बजे धाराखोह-मरामझिरी के बीच अचानक मनीष की तबीयत बिगड़ने लगी। वह घबराने के साथ कांपने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गोलू ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मनीष के गिरने के बाद गोलू ने ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया। सूचना के बाद जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और शव को ट्रेन से बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचाया। बैतूल रेलवे स्टेशन पर पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।