फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: डेढ़ साल बाद भी अधूरी कान्हा गौशाला, एसडीएम के निरीक्षण में खुली निर्माण की पोल

रुपईडीहा, बहराइच। नगर पंचायत रुपईडीहा के रंजीतबोझा गांव में प्रस्तावित कान्हा गौशाला का निर्माण निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। करीब एक करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस गौशाला का निर्माण 11 दिसंबर 2024 को ठेकेदार विभूति वर्मा, जनरल ऑर्डर सप्लायर, गोंडा को दिया गया था। निर्माण कार्य आठ महीने में पूरा किया जाना था और इसकी निर्धारित अवधि 11 अगस्त 2025 को समाप्त हो गई। इसके बावजूद सितंबर 2026 तक गौशाला निर्माणाधीन है। जिलाधिकारी बहराइच के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर बाउंड्रीवाल के अलावा अन्य जरूरी निर्माण कार्य अधूरे मिले। निर्माण की धीमी गति पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और मौके की स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम प्रकाश सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी बहराइच के निर्देश हैं कि जिले में जितनी भी गौशालाएं हैं, उनका लगातार निरीक्षण किया जाए। विशेष रूप से निर्माणाधीन गौशालाओं की स्थिति की जांच की जा रही है कि आखिर निर्माण कार्य लंबित क्यों है। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित गौशाला के निर्माण की निर्धारित समय सीमा अभी शेष है अथवा समय सीमा समाप्त हो चुकी है। यदि समय सीमा समाप्त होने के बावजूद निर्माण पूरा नहीं हुआ है तो इसके कारणों की भी जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों द्वारा निर्माण की प्रगति, समय सीमा और कार्य की वास्तविक स्थिति का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मौके पर पिलर निर्माण का कार्य कर रहे लखैया निवासी रामनिवास ने बताया कि ठेकेदार की ओर से उन्हें काम शुरू करने के लिए कहा गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। करीब डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी गौशाला का निर्माण पूरा न होने से इसके संचालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। निर्धारित समय पर निर्माण पूरा होने की स्थिति में गौशाला का संचालन शुरू हो जाना चाहिए था। अब प्रशासन की निगरानी में निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में कार्रवाई की उम्मीद है। मौके पर लेखपाल करुणेश त्रिपाठी सहित तहसील के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें