बहराइच में सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चहलवा के सिरसिन पुरवा गांव निवासी सदानंद (40) पुत्र धनीराम का शव मंगलवार सुबह घाघरा बैराज में मिला। वह सोमवार को सुबह 9 बजे घर से निकला था, उसके बाद से लापता चल रहा था। तलाश के दौरान शाम करीब 5 बजे बैराज के गेट नंबर-4 के पास उसकी चप्पल, मछली का झोला, जाल बरामद हुआ था। इससे मछली का शिकार करने के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही थी। अब सुबह करीब 8 बजे बैराज के डाउन स्टीम में फंसा उसका शव मिला है। मौके पर पहुंचे पूर्व प्रधान जाहिद खान ने बताया कि युवक घर से बैराज जाने का कहकर निकला था। इस दौरान वह शौच के लिए घाघरा बैराज के डाउन स्टीम की ओर गया। वहां पैर फिसलने से पानी में चला गया और डूब गया। उसकी बाइक डाउन स्टीम के पास खड़ी मिली है। बताते चलें कि मृतक के परिवार में पत्नी दुक्खा देवी व दो बच्चे बड़ी बेटी प्रियांशी (10) और कार्तिक (5) हैं। युवक गांव में दर्जी का काम करता था। थानाध्यक्ष राम गोविंद वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।