प्रदेश में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के उपचार के लिए आइसोलेशन बेड तैयार किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में 12 और सभी सीएचसी पर छह-छह बेड की व्यवस्था की जा रही है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनुराग ने बताया कि जिले में कुल 48 बेड तैयार किए गए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं का भंडारण भी किया गया है। बुखार, सर्दी, खांसी और गले में खराश वाले मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। वहीं, सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।