श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को मणिरामदास छावनी में शुरू हो गई। बैठक दो चरणों में होगी। पहले चरण की बैठक दोपहर दो बजे से प्रारंभ हुई, जिसमें ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी और ट्रस्टी शामिल हुए हैं। बैठक में अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरि, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती समेत अन्य ट्रस्टी पहुंचे हैं। बैठक को लेकर अयोध्या में पहले से ही हलचल बनी हुई थी। पहले चरण की बैठक में राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ ) के चयन को लेकर मंथन किया जाएगा। सीईओ के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप चुकी है। रिपोर्ट में तीन नामों का पैनल दिए जाने की जानकारी है। अब ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर विचार-विमर्श के बाद सीईओ के नाम पर अंतिम फैसला होने की संभावना है। बैठक के दूसरे चरण में ट्रस्ट से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।