राम मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के तहत बुधवार को एनएसजी की टीम ने कनक भवन परिसर का निरीक्षण किया। टीम ने मंदिर परिसर के प्रवेश और निकास मार्गों, श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों समेत विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर मौजूदा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एनएसजी जवानों ने सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थानों और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, संभावित चुनौतियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा जरूरतों का आकलन किया गया। अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एनएसजी की टीम लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रही है। इससे पहले टीम राम मंदिर समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा ले चुकी है। इन निरीक्षणों के आधार पर प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा का नया खाका तैयार किया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी निरीक्षण और समीक्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।