छठ महापर्व के तीसरे दिन अयोध्या के प्रसिद्ध गुप्तार घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की शाम ढलते सूरज को अर्घ्य देने के लिए हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ घाट पर पहुंचीं। पूरा घाट छठी मैया के गीतों, शंख-घंटे और भक्ति भाव से गूंज उठा। सरयू नदी के तट पर ऐसा नजारा था कि हर कोई भक्ति में डूबा नजर आया। सुबह से ही घाट पर तैयारियां चल रही थीं। नगर निगम ने घाट की सफाई, लाइटिंग, पेयजल और बदलघर की व्यवस्था की थी। महिलाओं ने सूप, दौरा, ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना, केला, सेब और पूजा की सामग्री के साथ घाट पर अपना स्थान लिया। कई परिवारों ने सुबह से ही घाट पर डेरा डाल दिया था। बच्चे और बुजुर्ग भी पूजा में शामिल हुए। जैसे ही सूरज ढलने लगा, व्रती महिलाएं कमर तक पानी में खड़ी होकर सूर्य देव को अर्घ्य देने लगीं। हाथों में सूप-दौरा लिए महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों की लंबी उम्र और मनोकामना पूरी होने की कामना की। इस दौरान घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। सूर्यास्त के समय सरयू नदी में सूरज की छटा और सैकड़ों दीयों की रोशनी मन को मोह लेने वाली थी। इस दौरान घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस, होमगार्ड और गोताखोर तैनात रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। भीड़ इतनी थी कि गुप्तार घाट से लेकर आसपास की सड़कों तक जाम जैसी स्थिति बन गई। लोग पैदल ही घाट तक पहुंचे। श्रद्धालुओं का कहना है कि गुप्तार घाट पर छठ पूजा का नजारा ही अलग होता है।